कानपुर के रहने वाले रामेश्वर मिश्रा, उम्र 45 साल, एक सरकारी कर्मचारी हैं. हर सुबह की तरह दफ्तर जाने से पहले वो मोबाइल पर ईमेल चेक कर रहे थे. अचानक एक मेल दिखा-“Download your new PAN 2.0 – Government of India” ईमेल पर सरकारी लोगो था, ऊपर लिखा था “Income Tax Department” और नीचे लिखा — “आपका नया डिजिटल PAN तैयार है, तुरंत डाउनलोड करें.”
रामेश्वर ने सोचा “सरकार ने शायद अब नया PAN जारी किया है, चलो अपडेट कर लेते हैं.”
उन्होंने क्लिक किया. एक वेबसाइट खुली — बिल्कुल असली जैसी. वहां लिखा था-अपना PAN नंबर और जन्मतिथि डालें. उन्होंने भरोसे में आकर सब भर दिया.बस, यहीं उनकी गलती हो गई.कुछ घंटों बाद… फोन पर आया झटका
शाम होते-होते मोबाइल पर बैंक से मैसेज आया-“₹48,000 डेबिटेड फ्रॉम योर अकाउंट.” रामेश्वर के हाथ कांप गए. उन्होंने तुरंत बैंक को फोन लगाया. बैंक ने बताया कि उनके अकाउंट से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुआ है, जो उन्होंने खुद अधिकृत किया था — यानी किसी ने उनकी पहचान चुरा ली थी.उसी ईमेल के जरिए स्कैमर्स ने उनका डेटा हासिल किया और फर्जी ट्रांजेक्शन कर डाला.
क्या है “Fake PAN 2.0” स्कैम
यह एक फिशिंग स्कैम है, जिसमें स्कैमर्स सरकारी एजेंसी के नाम से नकली ईमेल भेजते हैं.ईमेल में असली जैसे लोगो और डिजाइन होते हैं.
लिंक पर क्लिक करने पर आप नकली वेबसाइट पर पहुंच जाते हैं.वहां आपसे मांगी जाती है – PAN नंबर, जन्मतिथि, मोबाइल, ईमेल, OTP
और जैसे ही आप ये जानकारी भरते हैं, आपकी पहचान उनके हाथों में चली जाती है.
इसके बाद स्कैमर्स करते हैं:
फर्जी बैंक अकाउंट खोलना
आपके नाम पर लोन लेना
या फिर मनी लॉन्ड्रिंग जैसे बड़े वित्तीय अपराध
रामेश्वर की गलती, जो आपकी न बने-रामेश्वर ने बाद में साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई. 1930 पर कॉल किया और cybercrime.gov.in पर केस रिपोर्ट किया.अब केस जांच में है, लेकिन बैंक का पैसा वापस मिलना मुश्किल है.
वो अब कहते हैं-मुझे लगा सरकार का मेल होगा, पर अब समझ आया कि असली डिजिटल इंडिया वही है — जहां जागरूक रहना जरूरी है.
कैसे बचें इस जाल से
PAN 2.0 जैसी कोई सरकारी स्कीम नहीं है.
कभी भी ईमेल या मैसेज के लिंक पर क्लिक न करें.
हमेशा सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं:
https://www.onlineservices.nsdl.com
https://www.utiitsl.com
फ्रॉड होने पर तुरंत कॉल करें: 1930
या रिपोर्ट करें: sancharsaathi.gov.in
कहानी का सबक
आज रामेश्वर जैसे हजारों लोग सिर्फ एक क्लिक में ठगे जा रहे हैं.याद रखिए आपका PAN कार्ड नहीं, आपकी जागरूकता ही असली अपग्रेड है.किसी भी ईमेल या मैसेज पर भरोसा करने से पहले दो बार सोचिए, क्योंकि अब स्कैमर्स की तकनीक सरकारी फॉर्मेट से भी ज्यादा असली लगती है.
