जयपुर के मानसरोवर में रहने वाला आरव सिंह (काल्पनिक नाम), 27 साल का सॉफ्टवेयर इंजीनियर, हमेशा खुद को स्मार्ट और साइबर-सेवी मानता था.लेकिन 11 नवंबर की सुबह उसकी दुनिया उलटने वाली थी.
फोन की घंटी और डर की शुरुआत
आरव ऑफिस जाने ही वाला था कि एक अनजान नंबर से कॉल आया. दूसरी तरफ सख़्त आवाज़ आई.मैं दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच से बोल रहा हूं. आपका मोबाइल नंबर 10 नवंबर वाले दिल्ली कार ब्लास्ट केस से जुड़ा पाया गया है.
आरव हक्का-बक्का रह गया.
सर… मेरा? कैसे?”
कॉलर ने तुरंत कहा-आपको घबराने की जरूरत नहीं है… वरना हम आपको UAPA केस में गिरफ्तार भी कर सकते हैं. वीडियो कॉल पर आइए.DGP साहब बात करेंगे.आरव का दिल धड़कना शुरू.यही वो गलती थी – डर में सोचना बंद कर देना।
वीडियो कॉल में ‘फर्जी पुलिस अफसर’
वीडियो कॉल जुड़ा.स्क्रीन पर यूनिफॉर्म पहने दो लोग दिखे. कमरे की दीवार पर “Delhi Police” की प्लेट.आरव को सब असली लगा.
एक ने कहा-आपका आधार कार्ड और बैंक अकाउंट इस केस से लिंक है. आपको क्लीन चिट लेने के लिए वेरिफिकेशन करना होगा.तुरंत अपना आधार, बैंक और UPI डिटेल बताइए.
आरव पूछने ही वाला था कि दूसरा अफसर गुर्राया और कहा अकाउंट सील कर देंगे! टाइम नहीं है. हम आपको बचा रहे हैं.डरे हुए आरव ने OTP शेयर कर दिया.
5 मिनट बाद – बैंक का मैसेज आया…
₹1,87,000 डेबिट.
आरव के पैर कांप गए.
वीडियो कॉल कट चुका था.
असली सच सामने आता है…आरव रोते-रोते थाने पहुंचा.ड्यूटी ऑफिसर ने पूरा सुनकर कहा-ये नया स्कैम है. Fake Cops Scam.ठग दिल्ली ब्लास्ट जैसे गंभीर मामलों का डर दिखाकर लूट रहे हैं.पुलिस ने Rajasthan Cyber Crime Branch का अलर्ट दिखाया.
DIG विकस शर्मा पहले ही चेतावनी दे चुके थे-कोई असली पुलिस अफसर कभी वीडियो कॉल पर बैंक डिटेल नहीं मांगता.
आरव को महसूस हुआ -स्मार्ट होना और सतर्क होना दो अलग बातें हैं.
पुलिस की मदद और बड़ी सीख
आरव ने तुरंत-1930 पर कॉल किया,साथ ही बैंक को भी सूचित किया कि ट्रांजैक्शन फ्रॉड का है.पुलिस ने बताया-ठग बम ब्लास्ट, आतंकवाद, मनी लॉन्ड्रिंग जैसे मामलों का डर दिखाते हैं.पहले घबराहट पैदा करते हैं.फिर वीडियो कॉल कर नकली यूनिफॉर्म में आते हैं.उसके बाद बैंक, UPI, और OTP लेकर अकाउंट साफ कर देते हैं.
सीख (आरव की जुबानी)
मैं टेक फील्ड में हूं, फिर भी फंस गया.
गलती सिर्फ एक थी – डर जाना.अगली बार कोई पुलिस बनकर फोन करे तो… मैं सिर्फ एक काम करूंगा-
112 या 1930 पर कॉल.क्योंकि असली पुलिस फोन पर धमकाती नहीं… ठग धमकाते हैं.”
आप भी आरव की तरह हर दिन इंटरनेट यूज़ करते हैं.
लेकिन याद रखें -डर और जल्दबाजी साइबर अपराधियों का सबसे बड़ा हथियार है.
अगर कभी ऐसा कॉल आए—
शांत रहें
कोई डॉक्यूमेंट/डिटेल न दें
कोई लिंक न क्लिक करें
तुरंत 1930 या नजदीकी थाने में रिपोर्ट करें
