Friday, March 13, 2026
Home » पक्का मुनाफा” का जाल: रिटायर्ड IPS अफसर भी फंसे, 8.1 करोड़ गंवाए… आम निवेशक क्या सबक सीखें?

पक्का मुनाफा” का जाल: रिटायर्ड IPS अफसर भी फंसे, 8.1 करोड़ गंवाए… आम निवेशक क्या सबक सीखें?

by Anuradha Pandey

शेयर बाजार में “पक्का रिटर्न” का लालच कितना खतरनाक हो सकता है, इसका सबसे डरावना उदाहरण पंजाब के एक रिटायर्ड IPS अधिकारी का मामला है. साइबर ठगों ने इतने प्रोफेशनल और प्लानिंग के साथ जाल बिछाया कि कानून की गहरी समझ रखने वाला अफसर भी उसमें फंस गया. नतीजा यह हुआ कि उन्होंने करीब 8.1 करोड़ रुपये गंवा दिए. यह कहानी सिर्फ एक अफसर की नहीं, बल्कि हर उस आम निवेशक के लिए चेतावनी है जो जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में सावधानी भूल जाता है.

मामला क्या है?
पंजाब के एक रिटायर्ड IPS अधिकारी को कुछ लोगों ने संपर्क किया, जिन्होंने खुद को DBS Bank का वेल्थ मैनेजर बताया. उन्होंने दावा किया कि उनके बैंक और CEO से सीधे संबंध हैं. शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए उन्हें WhatsApp और Telegram ग्रुप्स में जोड़ा गया, जहां शेयर बाजार में “गारंटीड हाई रिटर्न” दिखाए जा रहे थे.

अधिकारी ने पहले अपनी रकम लगाई. फिर जब ऐप और ग्रुप्स में मुनाफा दिखने लगा, तो उन्हें दोबारा निवेश के लिए उकसाया गया. धीरे-धीरे उन्होंने दोस्तों और परिवार से भी पैसे उधार लिए. कुल मिलाकर करीब 8.1 करोड़ रुपये इस फर्जी निवेश में चले गए.

मुनाफा दिखा, लेकिन पैसा निकला नहीं
शुरुआत में स्क्रीन पर मुनाफा दिखाया गया. लेकिन जब अधिकारी ने पैसे निकालने की बात की, तो ठगों ने नई शर्तें रख दीं—
कभी “सर्विस फीस”, कभी “टैक्स”, तो कभी “विदड्रॉल चार्ज”.अधिकारी ने ये रकम भी बैंक ट्रांसफर से दे दी, लेकिन इसके बावजूद एक भी रुपया वापस नहीं मिला.

अपने 12 पन्नों के सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि यह पूरा घोटाला बेहद संगठित था, जिसमें कई बैंक अकाउंट और कई लोग शामिल थे. उन्होंने पुलिस से अपील की कि अगर मुमकिन हो, तो पैसा रिकवर कर उनके परिवार को लौटाया जाए.

साइबर ठगों का पूरा खेल कैसे चलता है?
साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट कनिष्क गौर के मुताबिक, ऐसे स्कैम्स में ठग पहले हाई-नेटवर्थ लोगों की पहचान करते हैं. वे यह तक पता कर लेते हैं कि व्यक्ति का पैसा किस बैंक में है. इसी केस में DBS बैंक का नाम जानबूझकर लिया गया ताकि भरोसा बने.

इसके बाद “FOMO” यानी कुछ छूट न जाए, इसका डर दिखाया जाता है.
ग्रुप्स में नकली लोग होते हैं, जो भारी मुनाफे की कहानियां सुनाते हैं. कभी पीड़ित को सबसे ज्यादा कमाने वाला दिखाया जाता है, तो कभी दूसरों को. इससे आत्मविश्वास बढ़ता है और निवेश और बढ़ता जाता है.

चुप रहने का दबाव भी एक ट्रिक
ठग पीड़ित से कहते हैं कि इस मौके के बारे में किसी को न बताएं. कहा जाता है कि “आप खास हैं, बाहर वाले नहीं समझेंगे”. यही बात इंसान को परिवार और दोस्तों से दूर कर देती है. फिर वह चुपचाप उधार लेकर भी निवेश करता चला जाता है.

आखिर सबसे बड़ा सबक क्या है?
इस मामले से साफ है कि-शेयर बाजार में “गारंटीड रिटर्न” जैसी कोई चीज नहीं होती है. बैंक या पुलिस कभी फोन पर पैसे ट्रांसफर करने को नहीं कहते.WhatsApp या Telegram ग्रुप में दिखने वाला मुनाफा असली नहीं भी हो सकता. किसी भी निवेश से पहले परिवार या भरोसेमंद लोगों से बात जरूरी है

याद रखें, अगर एक रिटायर्ड IPS अधिकारी भी इतने प्रोफेशनल स्कैम में फंस सकता है, तो आम निवेशक को दोगुनी सावधानी बरतनी होगी.जल्दी कमाई का लालच, अक्सर जिंदगी भर का नुकसान बन जाता है.

You may also like

Gangs of Digitalpur – Cybercrime News & Hacking Exposés
Gangs of Digitalpur uncovers cybercrime, hacking gangs & digital threats. Stay updated on dark web activities, ransomware, and cybersecurity news. #CyberCrime