Friday, July 17, 2026
Home » सर… आपका वोटर कार्ड बंद हो जाएगा! एक फोन कॉल, एक OTP और फिर खाली हो गया बैंक अकाउंट… अब पुलिस ने जारी की बड़ी चेतावनी?

सर… आपका वोटर कार्ड बंद हो जाएगा! एक फोन कॉल, एक OTP और फिर खाली हो गया बैंक अकाउंट… अब पुलिस ने जारी की बड़ी चेतावनी?

by Anuradha Pandey

सुबह के करीब 11 बजे थे. रमेश अपने ऑफिस में बैठा काम कर रहा था. तभी उसके मोबाइल की घंटी बजी.नमस्कार सर… मैं चुनाव आयोग से बोल रहा हूं. रमेश थोड़ा चौंका, लेकिन उसने फोन काटा नहीं. सामने वाले ने बड़ी शालीनता से कहा…सर, इस समय पूरे देश में वोटर लिस्ट अपडेट करने का काम चल रहा है. आपके वोटर कार्ड में कुछ जानकारी सत्यापित करनी है. बस एक OTP आएगा, वह बता दीजिए. आपका काम दो मिनट में हो जाएगा. रमेश को लगा कि शायद यह सरकारी प्रक्रिया होगी.

उसने कुछ भी सोचे बिना OTP बता दिया.कुछ मिनट बाद उसके मोबाइल पर बैंक से पैसे निकलने का मैसेज आने लगा.
पहले ₹10,000…
फिर ₹50,000…
फिर ₹1 लाख…
कुछ ही देर में उसकी पूरी जमा-पूंजी साइबर ठगों के खाते में पहुंच चुकी थी. रमेश को तब समझ आया कि उसने वोटर कार्ड अपडेट नहीं कराया था… बल्कि खुद अपने बैंक अकाउंट की चाबी ठगों को सौंप दी थी. यही वजह है कि अब पुलिस ने पूरे देश के लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है. दरअसल, इन दिनों वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) 2026 का काम चल रहा है.

साइबर अपराधियों ने इसी सरकारी अभियान को अपना नया हथियार बना लिया है. वे लोगों को फोन करते हैं.

कभी खुद को चुनाव आयोग का अधिकारी बताते हैं.कभी कहते हैं कि वे बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) हैं.उनकी बात करने का तरीका इतना भरोसेमंद होता है कि सामने वाला आसानी से विश्वास कर लेता है.

वे कहते हैं…
सर, आपका नाम वोटर लिस्ट से हट सकता है.
मैडम, आपका वोटर कार्ड अपडेट करना है.
अभी OTP आएगा… जल्दी बता दीजिए.
यहीं सबसे बड़ा जाल बिछाया जाता है.
हैदराबाद पुलिस ने इसी तरह की बढ़ती शिकायतों के बाद लोगों को चेतावनी जारी की है.

पुलिस का साफ कहना है कि भारत निर्वाचन आयोग या कोई भी बीएलओ कभी फोन करके OTP नहीं मांगता.

अगर कोई OTP मांग रहा है, तो समझ लीजिए कि मामला संदिग्ध है. बहुत से लोगों को लगता है कि OTP सिर्फ एक नंबर होता है.लेकिन सच यह है कि OTP आपके डिजिटल जीवन की चाबी है.

इसे किसी को बताने का मतलब है कि आप खुद अपने बैंक खाते, डिजिटल वॉलेट या दूसरी ऑनलाइन सेवाओं का दरवाजा खोल रहे हैं.

इसीलिए साइबर ठग सबसे पहले OTP हासिल करने की कोशिश करते हैं.एक बार OTP मिल गया, तो कुछ ही सेकेंड में आपके खाते से पैसे गायब हो सकते हैं.

सिर्फ बैंक अकाउंट ही नहीं…
आपकी निजी जानकारी भी चोरी हो सकती है.आपके नाम से फर्जी लेनदेन हो सकते हैं.यहां तक कि आपकी डिजिटल पहचान का भी गलत इस्तेमाल किया जा सकता है.पुलिस ने लोगों से साफ कहा है कि अगर कोई फोन करके OTP, बैंक डिटेल, एटीएम कार्ड नंबर, CVV या कोई दूसरी गोपनीय जानकारी मांगे, तो तुरंत फोन काट दें.

अगर कोई खुद को चुनाव आयोग का अधिकारी बताता है, तब भी उस पर आंख बंद करके भरोसा न करें.

अगर आपको वोटर लिस्ट से जुड़ा कोई काम करना है, तो केवल आधिकारिक चुनाव आयोग के प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें.और अगर कभी ऐसा संदिग्ध फोन आए, तो उसे नजरअंदाज मत कीजिए.

तुरंत उसकी शिकायत कीजिए.
आप 1930 राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन पर कॉल कर सकते हैं या नजदीकी पुलिस स्टेशन में इसकी जानकारी दे सकते हैं.आजकल साइबर अपराधी लोगों का भरोसा जीतने के लिए सरकारी संस्थाओं का नाम इस्तेमाल कर रहे हैं.

कभी बैंक अधिकारी बन जाते हैं. कभी पुलिस अधिकारी. कभी बिजली विभाग. और अब चुनाव आयोग का नाम लेकर लोगों को निशाना बना रहे हैं.

इसलिए याद रखिए…
अगर कोई फोन पर कहे-सिर्फ एक OTP बता दीजिए”… तो समझ जाइए कि सामने वाला आपका वोट नहीं, बल्कि आपकी मेहनत की कमाई चुराना चाहता है.

एक OTP छिपाकर रखना शायद आपके बैंक खाते, आपकी पहचान और आपकी जिंदगी भर की बचत को सुरक्षित रखने का सबसे आसान तरीका है.

You may also like

Leave a Comment

Gangs of Digitalpur – Cybercrime News & Hacking Exposés
Gangs of Digitalpur uncovers cybercrime, hacking gangs & digital threats. Stay updated on dark web activities, ransomware, and cybersecurity news. #CyberCrime